झाड़ियों व कचरे में मिला नवजात, रोने की आवाज सुनकर लोगों ने बचाया

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न)। राजलदेसर में शुक्रवार सुबह भावनदेसर रोड स्थित वार्ड संख्या 26-27 के पास झाड़ियों व कचरे के ढेर में नवजात शिशु मिलने से सनसनी फैल गई। सड़क से गुजर रहे राहगीरों को सुबह झाड़ियों की ओर से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। लोगों ने पास जाकर देखा तो कचरे और झाड़ियों के बीच नवजात शिशु पड़ा हुआ था। यह देखकर मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पार्षद सुभाष वाल्मीकि, पूर्व पार्षद मिर्जाराम मेघवाल, पूर्व पार्षद ताराचंद वाल्मीकि तथा पन्नालाल पंवार ठेकेदार मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा नवजात को तत्काल राजलदेसर चिकित्सालय पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने नवजात की जांच कर उपचार शुरू किया। एएसआई रोशनलाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में नवजात की हालत ठीक बताई जा रही है। बच्चे के शरीर पर चोट के कुछ निशान भी पाए गए हैं। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। बेहतर उपचार और आवश्यक जांच के लिए नवजात को हायर सेंटर भेजा जा रहा है। झाड़ियों और कचरे के बीच नवजात को छोड़े जाने की घटना सामने आने के बाद कस्बे में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर नवजात को यहां छोड़ने वाले व्यक्ति का पता लगाने तथा घटना की पूरी सच्चाई सामने लाने की मांग की है। लोगों के अनुसार राजलदेसर में इस प्रकार की घटना पहली बार सामने आई है। घटना से लोगों में चिंता का माहौल है। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। समय रहते नवजात के रोने की आवाज लोगों तक पहुंचने और उसे अस्पताल पहुंचाए जाने से उसका उपचार संभव हो सका।

You might also like