टोडरमल महाविद्यालय में नवनिर्वाचित पार्षद दंपति का सम्मान
सुमेर मीणा
उदयपुरवाटी (नवयत्न)। कस्बे के घूमचक्कर स्थित श्री टोडरमल पीजी महाविद्यालय में नगर निकाय चुनाव में अलग-अलग वार्डों से निर्वाचित पार्षद राजेंद्र ढेनवाल और सुमन ढेनवाल का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। महाविद्यालय परिवार की ओर से शेखावाटी परंपरा के अनुसार पार्षद दंपति का साफा और माला पहनाकर स्वागत किया गया। महाविद्यालय के सचिव पवन मिश्रा और वरिष्ठ व्याख्याताओं ने दोनों को चुनाव में सफलता पर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पार्षद राजेंद्र ढेनवाल ने कहा कि सभी लोगों को साथ लेकर वार्डों और कस्बे के विकास के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। कार्यक्रम में प्राचार्य नरेश कुमार, करतार सैनी, काशिम कुरैशी, विनोद ढेनवाल, राजेश सैनी, सोनाली शर्मा, संगीता चौधरी, श्रवण कुमार सहित महाविद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।