पहले ही प्रयास में निहारिका ने रचा इतिहास, NEET-UG में 606 अंक व SC वर्ग में 191वीं रैंक हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का मान
निसं
मलसीसर (नवयत्न)। ग्राम पंचायत झटावा के बास हरिपुरा (खनारा का बास) की प्रतिभाशाली बेटी निहारिका नारनौलिया ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) में शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। निहारिका ने परीक्षा में 606 अंक प्राप्त करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर अनुसूचित जाति (SC) वर्ग में 191वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से गांव सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
निहारिका, बास हरिपुरा निवासी पूर्व अध्यापक जीताराम नारनौलिया की पौत्री एवं भूपेश नारनौलिया की पुत्री हैं। सफलता की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में उनके निवास पहुंचे, जहां माल्यार्पण कर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया और निहारिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर पूर्व अध्यापक रामसिंह नारनौलिया के पुत्र कमलेश नारनौलिया ने कहा कि निहारिका की सफलता केवल गांव ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि निहारिका ने कठिन परिश्रम, अनुशासित जीवनशैली, नियमित अध्ययन और स्पष्ट लक्ष्य के साथ तैयारी कर यह उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है।
ग्रामीणों एवं वक्ताओं ने कहा कि प्रथम प्रयास में मिली यह सफलता क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यदि विद्यार्थी दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और पूरी निष्ठा के साथ प्रयास करें तो किसी भी कठिन प्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त की जा सकती है।
ग्रामीण महिलाओं एवं पुरुषों ने निहारिका को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह भविष्य में चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देकर अपने परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी।
इस अवसर पर पूर्व अध्यापक गोपालराम नारनौलिया, पूर्व सैनिक खुशी मोहम्मद, महेंद्र कुमार, राजेंद्र नारनौलिया, हरफूल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति ने समारोह को उत्साहपूर्ण बना दिया।