निकाय चुनाव का नामांकन शुरू, पहले दिन छह पर्चे दाखिल

निसं
बीदासर (नवयत्न)। नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही बीदासर में गुरुवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। नामांकन के पहले ही दिन चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ उपखंड कार्यालय पहुंचे और निर्धारित प्रक्रिया के तहत नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन केंद्र एवं उसके आसपास दिनभर राजनीतिक गतिविधियों का दौर चलता रहा। निर्वाचन अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी अमीलाल यादव ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन कुल पांच प्रत्याशियों ने छह नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें चार प्रत्याशियों ने राजनीतिक दलों के प्रत्याशी के रूप में नामांकन प्रस्तुत किया, जबकि दो नामांकन निर्दलीय प्रत्याशियों की ओर से दाखिल किए गए।
इन वार्डों से दाखिल हुए नामांकन
नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन वार्ड संख्या 4 से जीतेन्द्र सिंह ने आरएलपी प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। वहीं वार्ड संख्या 21 से गिरधारी सिंह राजपुरोहित ने भाजपा प्रत्याशी के साथ-साथ निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भी नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। इसी प्रकार वार्ड संख्या 22 से सुशीला तथा वार्ड संख्या 23 से महबूब ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। वहीं वार्ड संख्या 33 से अजय सीमार ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।
समर्थकों के साथ पहुंचे प्रत्याशी
नामांकन के पहले दिन कई प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ उपखंड कार्यालय पहुंचे। इस दौरान समर्थकों में खासा उत्साह और जोश देखने को मिला। प्रत्याशियों के नामांकन दाखिल करने के दौरान उनके समर्थकों ने उत्साहपूर्वक उनका साथ दिया। उपखंड कार्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में दिनभर राजनीतिक चर्चा का माहौल बना रहा। नामांकन दाखिल करने के बाद प्रत्याशियों ने अपने-अपने वार्डों में जनसंपर्क शुरू कर दिया। प्रत्याशी मतदाताओं से संपर्क कर समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं। वहीं विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भी अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने में सक्रिय हो गए हैं।
आगे बढ़ेगा चुनावी घमासान
नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही बीदासर के वार्डों में चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कौन प्रत्याशी किस वार्ड से मैदान में उतर रहा है और किसे पार्टी का समर्थन मिल रहा है, इसे लेकर राजनीतिक हलकों में लगातार मंथन चल रहा है। आने वाले दिनों में नामांकन की संख्या बढऩे के साथ ही चुनावी तस्वीर और अधिक स्पष्ट होने की संभावना है। नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के साथ निर्दलीय दावेदार भी पूरी तैयारी में जुटे हैं। ऐसे में नामांकन प्रक्रिया आगे बढऩे के साथ बीदासर में चुनावी माहौल के और अधिक गरमाने के आसार हैं।

You might also like