आवासीय क्वार्टरों में पुराना पेड़ बना हादसे का कारण, डालियां गिरने से दहशत

निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ीनगर के आवासीय क्वार्टर क्षेत्र में स्थित एक काफी पुराना पेड़ स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है। पेड़ की सूखी और भारी डालियां आए दिन टूटकर नीचे गिर रही हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। हाल ही में एक बड़ी डाली अचानक क्वार्टर की छत पर टूटकर गिर गई। गनीमत रही कि उस समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पेड़ वर्षों पुराना हो चुका है और अब उसकी कई शाखाएं पूरी तरह से भारी हो चुकी हैं। तेज हवा या बारिश के दौरान पेड़ की डालियां लगातार टूटने का खतरा बना रहता है। आसपास कई परिवार रहते हैं और बच्चों का भी यहां आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में लोगों में हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है।
ग्रामीणों और क्वार्टर में रहने वाले लोगों ने बताया कि वे कई बार केसीसी नगर प्रशासन से पेड़ की भारी टहनियां कटवाने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पेड़ की छंटाई नहीं कराई गई या आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पेड़ का निरीक्षण करवाकर उसकी खतरनाक शाखाओं को जल्द से जल्द हटाया जाए। उनका कहना है कि लोगों की सुरक्षा को देखते हुए इस मामले में लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई कर दी जाए तो किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सकता है। फिलहाल आवासीय क्वार्टरों में रहने वाले लोग हर तेज हवा और बारिश के दौरान डर के साए में जीवन बिताने को मजबूर हैं और प्रशासन से शीघ्र समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

You might also like