अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार, ट्रक की बॉडी में प्लाई बोर्ड से बनाए गुप्त बॉक्स में छुपा रखी थी शराब
नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न) । चूरू में डीएसटी टीम की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एनएच 52 पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से हरियाणा निर्मित अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में गुजरात निवासी तस्कर को भी गिरफ्तार किया हैं। कोतवाली थानाधिकारी सुखराम चोटिया ने बताया कि डीएसटी प्रभारी जयप्रकाश की सूचना पर पुलिस टीम ने एनएच 52 पर झंकार होटल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान राजगढ़ की ओर से आ रहे गुजरात नम्बर के ट्रक को रुकवाया गया। ट्रक चला रहे व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, मगर पुलिस ने उसको दबोच लिया। ट्रक की तलाशी लेने पर चारे के नीचे वाहन की बॉडी में प्लाई बोर्ड से बनाए गए गुप्त बॉक्स में शराब के कार्टून मिले। जिसमें पुलिस ने कुल 22 कार्टून अंग्रेजी शराब व बीयर बरामद की। जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक सहित शराब जब्त करते हुए गुजरात के केशोद निवासी 28 वर्षीय भग्गुभाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं। यह हरियाणा निर्मित शराब हरियाणा से गुजरात तस्करी कर ले जाई जा रही थी।