भागवत कथा में सजी कृष्ण जन्मोत्सव की झांकी, जयकारों से गूंजा पंडाल
निसं
बुगाला (नवयत्न)। तोगड़ा स्वरूपसिंह में चल रही भागवत कथा में मंगलवार को श्रद्धालुओं ने कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया। कथा के दौरान कथावाचक पंडित अजय मिश्रा ने गजेंद्र मोक्ष, वामन अवतार, सूर्य व चंद्र वंश तथा यदुवंश की कथा सुनाई। कृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंग पर भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई गई। श्रीकृष्ण को पालकी में बैठाकर नदी पार कराने का सजीव चित्रण किया गया। झांकी देखते ही पंडाल में मौजूद श्रद्धालु जयकारे लगाने लगे। कथावाचक पंडित अजय मिश्रा ने कहा कि कंस के अत्याचारों से मुक्ति और धर्म की स्थापना के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने अवतार लिया। श्रीकृष्ण की कथा भक्तों को भक्ति, प्रेम और कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। इस दौरान श्रद्धालुओं को माखन-मिश्री और चॉकलेट का प्रसाद वितरित किया गया। पंडित संदीप शर्मा ने पूजा-अर्चना कराई। मुख्य यजमान अजय कुमार दंपती रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।