विधायक अभिनेष महर्षी ने की पशु उपकेन्द्र खुलवाने की मांग

रतनगढ़,(नवरतन वर्मा)1 जून। क्षेत्रीय विधायक अभिनेष महर्षी ने कृषि, पशुपालन व मत्स्य मंत्री जयपुर लालचन्द कटारिया को रतनगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव खारिया कनिराम व भरपालसर लाडखानिया में पशु उपकेन्द्र खुलवाने की मांग की है।

विधायक महर्षि ने बताया कि रतनगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों की आय का मुख्य स्रोत कृषि एवं पशुपालन है, जिससे यहां के लोग अपना गुजर बसर करते है। मेरी विधानसभा के गांव खारिया कनिराम व भरपालसर लाडखानिया दोनों ही गांवो के लोगों की आजीविका का मुख्य साधन पशुपालन है, किन्तु समय-समय पर पशुओं में होने वाली बीमारी के लिये इन दोनो ही गांवों के लोगों को पशुओं के इलाज हेतु अन्यत्र जाना पड़ता है जो कि एक गरीब किसान के लिए समय पर पशुओं को ले जाना संभव न होने के कारण पशुओं की मृत्यु हो जाती है जिससे ग्रामवासियों को काफी आर्थिक नुकसान हो रहा है।

अत: यहां के लोगों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए दोनों ही गांवो में जल्द से जल्द पशु उपकेन्द्र स्वीकृत किया जावें, जिससे उक्त गांवों के पशुपालकों को राहत मिल सके। महर्षी ने बताया कि कृषि, पशुपालन व मत्स्य मंत्री लालचन्द कटारिया ने जल्द ही इस मांग पर विचार करते हुए दोनों गांवों में पशु उपकेन्द्र खोलने का आश्वासन दिया है।

You might also like