पटवार संघ ने मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर दी आंदोलन की चेतावनी

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। राजस्थान पटवार संघ की ओर से अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर उपखंड अधिकारी के माध्यम से राजस्थान राजस्व मंडल, अजमेर को ज्ञापन भेजा गया है। संघ ने मांगों पर लंबे समय से कार्रवाई नहीं होने पर नाराजगी जताते हुए प्रतियां जलाकर विरोध जताया एवं आगामी दो दिन बाद बड़े आंदोलन की चेतावनी दी । पटवार संघ ने बताया कि संगठन की मांगों एवं समस्याओं को लेकर पूर्व में भी शासन एवं विभाग के उच्च अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद मांगों के समाधान के लिए अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से पटवारियों में रोष है। संघ ने कहा कि राजस्व विभाग के मैदानी कार्यों में पटवारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है इसलिए उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाना आवश्यक है। ज्ञापन में डीआईपीएस गिरदावरी में आ रही समस्याओं का समाधान कर आवश्यक संशोधन करवाने, पटवारी पद को तकनीकी पद के रूप में अधिसूचित करते हुए पे मैट्रिक्स लेवल-10 का लाभ दिया जाने की मांग रखी है। वहीं इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर दो दिन बाद धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।

You might also like