विरोध: केंद्र ने जनहित को दरकिनार कर बढ़ाई हैं पैट्रोल-डीजल की दरें

कृषि उत्पादों पर दो प्रतिशत टैक्स किसान व जनविरोधी निर्णय

चूरू,(पीयूष शर्मा)8 मई। अखिल भारतीय किसान सभा जिला कमेटी चूरू ने आठ मई को एडीएम रामरतन सौंकरिया को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नाम ज्ञापन सौंपा।
इस दौरान राज्य कमेटी सदस्य निर्मल कुमार एडवोकेट ने कहा कि वर्तमान में कोरोना महामारी से जूझते आमजन की आर्थिक कमर टूट चुकी है। मगर जनहित को दरकिनार कर केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार ने पैट्रोल व डीजल की दरें बढ़ा कर आम जनता पर महंगाई का और बोझ डाल दिया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट के बावजूद केंद्र सरकार देश में इनकी कीमतें बढ़ा रही है। इसी प्रकार राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार ने किसान कल्याण के नाम पर कृषि उत्पादों पर दो प्रतिशत टैक्स लगाने का किसान व जनविरोधी निर्णय लिया है।

चार माह के बिजली बिल माफ करो
किसान सभा के प्रतिनिधिमंडल की ओर से एडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में किसानों को फसल बीमा का बकाया क्लेम दिलवाने, चार माह की अवधि के घरेलू व कृषि श्रेणी के बिजली बिल माफ किए जाएं। रबी फसल की खरीद ग्राम सेवा सहकारी समिति स्तर पर करने, किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने आदि मांगों का उल्लेख किया गया। ज्ञापन देने वालों में किसान सभा के जिलामंत्री कॉमरेड उमरावसिंह, तारानगर तहसील मंत्री अशोक शर्मा व एडवोकेट मुकेश शर्मा मौजूद थे।

You might also like