महिला लक्षित समूह कार्यक्रम आयोजित

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना के सामुदायिक जागरूकता एवं जनसहभागिता कार्यक्रम के अंतर्गत बिसायती की गली में महिलाओं के लिए सीवरेज परियोजना एवं स्वच्छता विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अधीक्षण अभियंता नेमीचंद पंवार एवं अधिशासी अभियंता ओम प्रकाश साहू के निर्देशन तथा सहायक अभियंता रियाज अहमद के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में असलम खान ने महिलाओं को सीवरेज परियोजना की उपयोगिता एवं महत्व की विस्तार से जानकारी दी और सिवरेज कनेक्शन के लाभ बताये। उन्होंने बताया कि आपकी कॉलोनी मे सिवरेज कनेक्शन का कार्य किया जा रहा है प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह कनेक्शन के समय अपने घर का सीवरेज कनेक्शन करवाये जिससे आपका शहर स्वच्छ और सुंदर बने। साथ ही किसी भी प्रकार के सुझाव एंव शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1800 212 2300 से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि सीवेरेज लाइन में किसी भी प्रकार का ठोस कचरा, प्लास्टिक, सेनेटरी नेपकिन, बच्चों के डायपर अथवा अन्य अपशिष्ट न डालें, क्योंकि इससे सीवरेज लाइन अवरुद्ध हो जाती है और जाम की समस्या उत्पन्न होती है। उन्होंने घरों के स्नानघरों के नालों पर स्टील की जाली लगाने की अपील की, जिससे शैम्पू पाउच एवं अन्य ठोस पदार्थ सीवरेज लाइन में प्रवेश न कर सकें और व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो।

You might also like