युवाओ पर लाठीचार्ज का विरोध, ज्ञापन सौंपा
कृष्ण कुमार गाँधी
सूरजगढ़ (नवयत्न) । दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा में पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुए लाठीचार्ज और महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार के विरोध में गुरुवार को सूरजगढ़ में युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। सामाजिक कार्यकर्ता मनजीत सिंह तंवर के नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए बड़ी संख्या में युवाओं ने उपखंड कार्यालय पहुंचकर एसडीएम के निजी सचिव हरीश कुमार को महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपते हुए सामाजिक कार्यकर्ता मनजीत सिंह तंवर ने बताया कि जंतर-मंतर की घटना की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष न्यायिक जांच कराई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए वहीं घायल विद्यार्थियों को निःशुल्क उपचार, समुचित चिकित्सा सुविधा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। ज्ञापन में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कठोर कानून बनाने तथा शिक्षा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की गई। इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता एवं लेखक धर्मपाल गांधी, राय सिंह शेखावत, विकास बुडानिया, दरिया सिंह डीके, महेश धींवा, होशियार सिंह सिंगाठिया, विनोद सोनी, सुनील सैनी, अशोक कुमावत, संदीप शेखावत, मनोज सेन, हरीश राजोरिया, सुभाष मेघवाल, कपिल गुर्जर, तनुज कुमावत, विकास सिंगोदिया, योगेश सिंगोदिया, अडूका सरपंच प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में युवा एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।