प्रतिभाओं को निखरने के सुअवसर प्रदान करें – इंदौरिया

चूरू( दैनिक नवयत्न) । प्रतिभाओं में निखार लाने के लिए उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाना और प्रदर्शन के समुचित अवसर उपलब्ध करवाना अति आवश्यक है । ये विचार चूरू जिला हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष संतोष कुमार इंदौरिया ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लोहा में खेल, शिक्षा एवं सांस्कृतिक प्रतिभाओं के अभिनंदन हेतु आयोजित समारोह में व्यक्त किए। मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से शुरू हुए समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस उपाधीक्षक इंसार अली ने जीवन निर्माण में खेल का महत्व समझाते हुए कहा कि खेल के माध्यम से धैर्य, अनुशासन, आपसी सहयोग जैसे संस्कार स्वत : उत्पन्न होते हैं। जिला हैंडबॉल संघ सचिव रवि प्रकाश गौड ने खिलाड़ियों की उपलब्धि को अविस्मरणीय बताया। समारोह अध्यक्ष राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षाविद कुलदीप व्यास ने विद्यार्थियों, विद्यालय स्टाफ व प्रधानाचार्या के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उत्कृष्ट परिणाम की निरंतरता बनाए रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर 69 वीं राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में राजस्थान के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाली भावना और मोनिका तथा राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व करने वाली और जिला स्तरीय विजेता व उपविजेता, राज्य स्तरीय युवा महोत्सव प्रतिभागी व 10 वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों , प्रशिक्षकों तथा शिक्षक आशीष लाटा का स्मृति चिन्ह , दुपट्टा और साहित्य भेंट कर सम्मान किया गया। सरपंच भंवरलाल पूनिया, उप सरपंच ओमप्रकाश बुडानिया, भामाशाह जगदीश प्रसाद स्वामी ,समाजसेवी हरिराम बुडानिया आदि ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि भेंटकर उत्साहवर्धन किया। प्रधानाचार्या शीला सोनी ने इस सफलता का श्रेय साईं कोच सुमन पुनिया और पीटीआई महेंद्र सिंह व अनुजा विश्नोई तथा खिलाड़ियों द्वारा मैदान पर किए गए निरंतर अभ्यास क़ो दिया। समस्त ग्रामवासियों तथा चूरू जिला हैंडबॉल संघ की ओर से विद्यालय और विद्यार्थी हित में उत्कृष्ट कार्य करने पर प्रधानाचार्या शीला सोनी का माल्यार्पण, शॉल, साहित्य भेंटकर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में भंवरलाल नाई, जितेंद्र प्रजापत , भोपाल सिंह , राजेश कड़वासरा , रामचंद्र पूनिया , इदरीश मनियार, नेशनल प्लेयर प्रियंका कंवर , सिकंदर मनियार सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे । संचालन विशाखा इंदौरिया ने किया ।

You might also like