गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध विभागीय सेवाएं शासन—प्रशासन की प्राथमिकता : सुराणा

चूरू (दैनिक नवयत्न ) । जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने सोमवार को डीओआईटी वीसी सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक में संपर्क पोर्टल, एसडीजी, प्रधानमंत्री धन — धान्य कृषि योजना, पंच गौरव, पीएम सूर्यघर योजना सहित विभागीय योजनाओं व कार्यक्रमों की समीक्षा कर अधिकारियों को विस्तृत निर्देश दिए।

जिला कलक्टर सुराणा ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध विभागीय सेवाएं शासन—प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी विभागीय अधिकारी आमजन को विभागीय योजनाओं के बारे में समुचित जागरूक करें और अधिकतम लाभ उन्हें दें। सभी फील्ड स्तरीय अधिकारी योजनाओं की धरातल पर क्रियान्विति के लिए मुख्य भूमिका निभाते हैं, इसलिए फील्ड मशीनरी मुस्तैद रहकर अंतिम लक्षित व्यक्ति तक लाभ पहुंचाए।

उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार व विकास अधिकारियों को एक— एक पीएमश्री विद्यालय के लिए प्रभारी के रूप में दायित्व सौंपते हुए नियमित रूप से निरीक्षण व मॉनीटरिंग करने तथा रैंकिंग में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा अधिकारियों को समुचित समन्वय से शिक्षा सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण व उन्नयन से रैंकिंग के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विकास अधिकारियों व नगरनिकाय अधिकारियों को सामाजिक सुरक्षा अधिकारियों के समन्वय से पेंशन योजना तथा पालनहार योजना के लाभार्थियों के भौतिक सत्यापन यथाशीघ्र पूर्ण करने की बात कही। उन्होंने राजगढ़ एसडीएम को 04 फरवरी को आयोजित होने वाले संपूर्णता अभियान 2.0 के सफल आयोजन के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर सुराणा ने संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध, संतोषजनक एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने पोर्टल लंबित व असंतुष्टि वाले प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक लंबित रहना और बार-बार एक ही प्रकार की शिकायतें प्राप्त होना संबंधित विभाग द्वारा किए जा रहे निस्तारण पर प्रश्नचिन्ह है, इसलिए विभागीय अधिकारी शिकायतों का गंभीरता से प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की समीक्षा करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, जल संरक्षण एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े संकेतकों में सुधार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर प्राप्त करने के निर्देश दिए।

सुराणा ने प्रधानमंत्री धन–धान्य कृषि योजना में संबंधित कृषि, पशुपालन, राजीविका, सहकारी बैंक, अग्रणी प्रंबधक बैंक, उद्यान, मत्स्य आदि विभागों के साथ गत 02 माह में विभिन्न इंडीकेटरर्स की तुलनात्मक समीक्षा करते हुए एक्शन प्लान के अनुसार समुचित प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने उन्नत कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने, फसल विविधीकरण एवं उत्पादकता बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने सभी विभागों को योजना की क्रियान्विति की नियमित रूप से समीक्षा करने और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने की बात कही।

उन्होंने पंच गौरव कार्यक्रम अंतर्गत शामिल सालासर, ग्वारपाठा, खेजड़ी, एथलेटिक्स तथा लकड़ी उत्पादों को बढ़ावा देने हेतु किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा और स्वीकृत कार्यों के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों को टेंडर व कार्यादेश जारी कर अपेक्षित कार्य संपादित करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए डिस्कॉम अधिकारियों को अधिक से अधिक परिवारों को प्रोत्साहित कर सोलर संयंत्र स्थापित करने, जागरूकता गतिविधियां बढ़ाने एवं फील्ड मशीनरी को लक्ष्य आवंटन करते हुए योजना अंतर्गत आवेदन बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवीनीकरणीय ऊर्जा के उपयोग से न केवल बिजली खर्च में कमी आएगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने वाटरशेड अधिकारियों को एमजेएसए 2.1 व 2.2 में स्वीकृत कार्यों को यथाशीघ्र पूर्ण करते हुए पोर्टल पर समुचित एंट्री, विभागीय अधिकारियों को डीएमएफटी में स्वीकृत कार्यों में कार्य पूर्णता व लंबित भुगतान, मानसून के दौरान क्षतिग्रस्त भवनों के मरम्मत कार्य को पूर्ण करने, अटल ज्ञान केन्द्र, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना अंतर्गत फार्म पौंड व तारबंदी कार्य, राज उन्नति अंतर्ग कस्टम हायरिंग सेंटर, गोदाम निर्माण, कौशल विकास कार्यक्रम आदि कार्यों, खाता विभाजन व राजस्व प्रकरणों सहित विभागीय योजनाओं व कार्यक्रमों की समीक्षा कर समुचित निर्देश दिए।

इस दौरान एडीएम अर्पिता सोनी, सीईओ श्वेता कोचर, एसीईओ भागचंद खारिया सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे तथा वीसी के जरिए सभी उपखंडों से उपखंड स्तरीय अधिकारी जुड़े रहे।

You might also like