गायक कलाकार राजा हसन की आवाज के मुरीद हुए श्रोता
चूरू,(पीयूष शर्मा)16 मई। चूरू पुलिस, फिल्मस्थान व संप्रीति संस्थान की ओर से शनिवार को हुई ऑनलाइन लाइव शृंखला में बॉलीवुड सिंगर राजा हसन ने दर्शकों को अपनी पुरकशिश आवाज में भजन, गजल, कव्वाली, पंजाबी टप्पे, ठुमरी और बॉलीवुड गाने गाकर अपना मुरीद बना लिया।
उन्होंने इस अनूठे नवाचार के लिए एसपी तेजस्विनी गौतम व फिल्मस्थान की सराहना कर कहा कि उन्होंने पहली बार ऐसा अनूठा प्रयोग देखा है। राजा हसन ने इस म्यूजिकल इवनिंग की शुरुआत जिंदगी हर कदम, एक नई जंग है गाकर की।
धार्मिक आस्थाओं को जागृत कर दिया है कोरोना काल ने
म्यूजिकल सेशन की शुरुआत होते ही राजस्थानी लोकगीतों और धार्मिक भजनों की फरमाइश हुई तो हसन ने एक-एक कर अनेक फरमाइशें पूरी की। मगर भजनों की बढ़ती फरमाइश को देख खुद भी जनता से सवाल कर बैठे कि क्या बात है। इन दिनों सभी ज्यादा धार्मिक हो चले हैं। कोरोना वायरस पर चुटकी लेते हुए राजा हसन ने कहा कि लगता है कोरोना काल ने सभी की धार्मिक आस्थाओं को ज्यादा जागृत कर दिया है। इस काल ने सभी को भक्त बना दिया। इसके बाद राजा हसन ने सूफी गीत और कव्वाली सुनाकर दाद पाई।
ऐसा समाज बनाएं, कि पुलिस को डंडा ना उठाना पड़े
उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि वे पुलिस के साथ रहें। पुलिस को अपना काम करने दें। हम सब मिलकर ऐसा समाज बनाएं कि पुलिस को डंडा नहीं उठाना पड़े। पुलिसकर्मी चिलचिलाती धूप में कोरोना वायरस से जूझते हुए सडक़ पर खड़े होते हैं। ऐसे में हमें उनकी परेशानियों को समझना चाहिए। सभी कोरोना वॉरियर्स का सम्मान करना हमारा फर्ज है।