राजाराम मील 27 को आयेंगे सीकर
सुरेंद्र शर्मा
सीकर (नवयत्न ) । जाट समाज सेवा संस्थान, सीकर द्वारा होली स्नेहमिलन एवं वार्षिक आमसभा की बैठक दिनांक 27 मार्च 2026 (शुक्रवार) को प्रधान जी का जाव, सीकर में दोपहर 1:15 बजे आयोजित की जाएगी।
इस कार्यक्रम में राजस्थान जाट महासभा के प्रदेशाध्यक्ष राजाराम मील मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे जाट आरक्षण सहित समाज से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर समाज के प्रबुद्ध वर्ग के साथ रचनात्मक एवं सार्थक संवाद करेंगे।
इस संबंध में जाट समाज सेवा संस्थान के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक जाट समाज कार्यालय, सीकर में आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम को सफल बनाने तथा समाजहित के विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
संस्थान के अध्यक्ष रामचंद्र नेहरा ने बताया कि संस्थान का गठन समाज की ज्वलंत समस्याओं के समाधान हेतु किया गया है। संस्थान के निदेशक रामचंद्र सुंडा के निर्देशन में वर्ष 2023 में जाट युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं सामूहिक विवाह कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया, जो समाज के लिए संजीवनी के समान सिद्ध हुआ।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती महंगाई एवं सामाजिक तड़क-भड़क के कारण रिश्ते करना एक बड़ी चुनौती बन गया है। अपेक्षित सहयोग के अभाव में वांछित परिणाम भले नहीं मिल पाए हों, लेकिन संस्थान ने प्रयास जारी रखे हैं। उन्होंने समाज से अपील की कि युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं सामूहिक विवाह जैसे आयोजन आज के समय में सर्वोत्तम विकल्प हैं।
संस्थान के निदेशक रामचंद्र सुंडा ने कहा कि वर्तमान में जाट आरक्षण पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं, जिससे समाज के मेहनतकश एवं प्रतिभाशाली युवाओं का भविष्य प्रभावित हो सकता है। इस गंभीर विषय पर समाज को जागरूक करने एवं ठोस दिशा प्रदान करने हेतु विशेष विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक में यह भी बताया गया कि संस्थान के अध्यक्ष रामचंद्र नेहरा द्वारा समाज एवं किसान वर्ग की निस्वार्थ सेवा की जा रही है। वे बैंक ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड एवं अन्य समस्याओं के समाधान में सदैव तत्पर रहते हैं।
जाट समाज विकास समिति के संरक्षक नरेन्द्र धायल ने कहा कि आज का युवा वर्ग भटकाव की स्थिति में है। समाज के परिवारों को आपसी मतभेद और टांग खींचने की प्रवृत्ति से दूर रहकर एकता और सहयोग की भावना को अपनाना चाहिए, तभी समाज का समग्र विकास संभव है।
इस गरिमामयी अवसर पर संस्थान के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, समाज के गणमान्य नागरिक, बुद्धिजीवी, युवा एवं आमजन से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है।