रक्तदान से मिलती है किसी को जिंदगी: पायल सैनी
पार्षद गोकुल शर्मा की प्रेरणा से लगा शिविर
चूरू,(पीयूष शर्मा)31 मई। नगरपरिषद सभापति पायल सैनी ने कहा कि रक्तदान करना सबसे बड़ा पुण्य का काम है। रक्तदान करने से दानदाता के शरीर में कमजोरी नहीं आती, बल्कि नया रक्त बनने की गति बढ़ने से व्यक्ति ऊर्जावान बनता है।
वे रविवार को शहर के राजकीय डेडराज भरतीया अस्पताल के ब्लड बैंक में वार्ड तीन के पार्षद गोकुलचंद शर्मा की प्रेरणा से सादुलपुर के दिवंगत सीआई विष्णुदत्त विश्नोई को श्रद्धांजली स्वरूप आयोजित शिविर के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहीं थी। शिविर में पार्षद के वार्ड के 30 युवक-युवतियों ने रक्तदान किया।
इस मौके पर सभापति ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के चलते जहां रक्तदान के शिविरों में कमी आने से अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्त की कमी महसूस की जा रही थी। ऐसे में निस्वार्थ भाव से शिविर लगाकर किया गया रक्तदान मानव सेवा की मिशाल है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से किसी जरूरतमंद पीड़ित की जिंदगी बचती है। इसलिए रक्तदान महादान है।
इस दौरान अस्पताल के अधीक्षक गोगाराम दानोदिया, नगरपरिषद पीआरओं किशन उपाध्याय, पार्षद गोकुलचंद शर्मा सहित ब्लड बैंक टीम उपस्थित थी।
सभापति के अंगरक्षक ने किया रक्तदान
शिविर के दौरान युवक-युवतियों को बिना किसी डर के रक्तदन करते देख सभापति पायल सैनी के अंगरक्षक जोजो ने भी रक्तदान करने की ठानी। उसने तत्काल अपनी सारी जांचें करवाकर रक्तदान किया। सभापति सहित मौजूद चिकित्सकों की टीम ने अंगरक्षक जोजो के इस मानव सेवा भाव की सराहना की।