गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत निकाली रैली, संतो के सानिध्य में एसडीएम को सौंपे ज्ञापन

निसं
दांतारामगढ़ (नवयत्न) । गौमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को दांतारामगढ़ में विशाल रैली निकाली गई। दांता से संतों एवं गौ भक्तों द्वारा गौ सम्मान आह्वान अभियान के तहत रैली निकाली गई यह रैली दांता नगरपालिका से प्रारंभ होकर दांतारामगढ़ के प्रमुख मार्गों से होते हुए उपखंड कार्यालय पहुंची।
रैली में हजारों की संख्या में गौ भक्त शामिल हुए, जो पूरे मार्ग में जयकारे लगाते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचीं। इस दौरान महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। रैली के चलते धार्मिक एवं सामाजिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।
उपखंड कार्यालय पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम मोनिका सामौर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में गौमाता को राष्ट्र स्तरीय सम्मान देने के साथ-साथ गौ हत्या पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने की मांग की गई। राष्ट्र माता घोषित करने के लिए प्रार्थना पत्र व 14201 हस्ताक्षरों के पत्रक दिए गए एवं सफेद सूती वस्त्र पर हजारों गौ भक्तों के हस्ताक्षर करवाकर दिया गया।
रैली के दौरान वक्ताओं ने कहा कि गोमाता भारतीय संस्कृति, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अभिन्न हिस्सा रही है। उन्होंने गौसंरक्षण को सामाजिक दायित्व बताते हुए सरकार से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की अपील की। साथ ही लोगों से गौसेवा और संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया गया। यात्रा संयोजक व मीडिया प्रभारी ने बताया कि इस दौरान काफी संख्या में संत महात्माओं का सानिध्य रहा व गौ भक्त सहित अनेक गौशालाओं के संचालक व सदस्य, जनप्रतिनिधियों तथा गणमान्यजन तथा महिलाओं सहित सर्वसमाज के लोग उपस्थित रहे।

You might also like