वक्फ बोर्ड के फैसले के विरोध में वार्डवासियों ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

जयशंकर जांगिड़
झुंझुनू (नवयत्न)। शहर के वार्ड संख्या 8 स्थित इंदिरा नगर के निवासियों ने सोमवार को वक्फ बोर्ड के एक फैसले के विरोध में जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। वार्डवासियों का कहना है कि वे नगर परिषद झुंझुनू द्वारा आवंटित पट्टाशुदा भूखंडों पर वर्षों से काबिज हैं, लेकिन हाल ही में वक्फ बोर्ड के निर्णय से उनके स्वामित्व और अधिकारों पर प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है। प्रदर्शन के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से मामले में हस्तक्षेप कर वार्डवासियों के हितों की रक्षा करने तथा वक्फ बोर्ड के निर्णय के संबंध में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि नगर परिषद से विधिवत प्राप्त पट्टों के आधार पर लोग लंबे समय से इन भूखंडों पर निवास कर रहे हैं, ऐसे में उनके अधिकार सुरक्षित रखे जाएं। ज्ञापन सौंपने वालों में सज्जन जांगिड़, महीपाल भामू, कर्मवीर भामू, श्रीचंद झाझडिय़ा, रामस्वरूप गजराज, डॉ. जे.पी. बुगालिया, राकेश झाझडिय़ा और रामदेव भास्कर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं वार्डवासी मौजूद रहे।

You might also like