झुंझुनू जिला कांग्रेस कार्यकारिणी में रमेश पांडे बने जिला सचिव
निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । खेतड़ी नगर निवासी वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश पांडे को झुंझुनूं जिला कांग्रेस कार्यकारिणी में जिला सचिव नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष रीटा चौधरी द्वारा की गई है। नियुक्ति की सूचना मिलते ही खेतड़ी क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई तथा मिठाई बांटकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी गईं।
रमेश पांडे लंबे समय से कांग्रेस संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे पूर्व में राजस्थान राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के महासचिव तथा यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। संगठनात्मक अनुभव, जनसंपर्क और सामाजिक सक्रियता के कारण उन्हें पार्टी का समर्पित एवं कर्मठ कार्यकर्ता माना जाता है।
खेतड़ी विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रही मनीषा गुर्जर ने रमेश पांडे की नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा समर्पित और जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मान और जिम्मेदारी देती है। उन्होंने कहा कि “रमेश पांडे के संगठनात्मक अनुभव, सक्रिय कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण से कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी। हम सभी कार्यकर्ता मिलकर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने का कार्य करेंगे। कांग्रेस आमजन के विश्वास और विकास की राजनीति के साथ निरंतर आगे बढ़ रही है।”
पूर्व विधायक दाताराम गुर्जर ने भी कहा कि रमेश पांडे की नियुक्ति से जिले में कांग्रेस संगठन को मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा।
रमेश पांडे ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
इस अवसर पर खेतड़ी विधानसभा कांग्रेस प्रत्याशी मनीषा गुर्जर, पूर्व विधायक दाताराम गुर्जर, हसरत हुसैन, विक्रम गुर्जर, अजय केडिया, मुकेश अग्रवाल, हजारी सूबेदार, विमल शर्मा, सुंदर मानोता, श्रवण सेन, आलोक जेदिया, अरविंद श्योराण सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने रमेश पांडे को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।