आरबीजी गैंग के रामस्वरूप जाट समेत 24 बदमाश गिरफ्तार

नवरतन वर्मा
चूरू (नवयत्न) । चूरू पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते विफल करते हुए आरबीजी गैंग के सरगना रामस्वरूप जाट और उसके साथियों द्वारा अपने प्रतिद्वंद्वी देवकरण उर्फ देवला जाट की हत्या की रची जा रही साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने संगठित कार्रवाई करते हुए गैंग के सक्रिय सदस्यों सहित कुल 24 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दो अवैध देसी पिस्टल, तीन मैगजीन, 29 जिंदा कारतूस तथा एक स्कॉर्पियो और छह बोलेरो कैंपर सहित कुल सात वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. के निर्देशन में जिला डीएसटी और दूधवाखारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 1 अगस्त को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरबीजी गैंग का सरगना रामस्वरूप जाट अपने साथियों के साथ प्रतिद्वंद्वी देवकरण उर्फ देवला जाट की हत्या की योजना बनाने के लिए हथियारों और वाहनों के साथ इकट्ठा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर दबिश दी। पुलिस की भनक लगते ही कुछ आरोपी अंधेरे और भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि अन्य को पकड़ लिया गया।
पुलिस की पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में कई सक्रिय हिस्ट्रीशीटर शामिल हैं, जिनके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण, डकैती, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में अनेक मुकदमे दर्ज हैं।
दो अलग-अलग कार्रवाइयों में हथियार बरामद
दूधवाखारा थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक बोलेरो कैंपर को रोककर तलाशी ली। वाहन में सवार दो आरोपियों के कब्जे से 32 बोर की एक देसी पिस्टल, एक मैगजीन और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आरबीजी गैंग के सदस्य हैं और देवकरण उर्फ देवला की हत्या की नीयत से हथियार लेकर आए थे।
इसी अभियान के दौरान चूरू कचहरी चौराहे के पास एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से 7.65 बोर की एक देसी पिस्टल, दो मैगजीन और 25 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
संगठित अपराध और आर्म्स एक्ट में मुकदमे दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध से संबंधित प्रावधानों और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जिले में संगठित अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

You might also like