श्रद्धालुओं को धूप-बारिश से राहत, मंदिर मार्ग पर भामाशाह ने बनवाया टीन शेड
निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न)। जसरापुर-तातीजा स्थित जय बाबा भैया मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत की खबर है। मंदिर मार्ग पर धूप और बारिश से बचाव के लिए भामाशाह प्रीतम शर्मा की ओर से टीन शेड का निर्माण करवाया गया है। नवनिर्मित टीन शेड का उद्घाटन खेतड़ी विधायक इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर ने फीता काटकर किया। आयोजकों के अनुसार मंदिर मार्ग पर करीब 230 फीट लंबा और 16 फीट चौड़ा टीन शेड बनाया गया है। इसके अलावा जमवाय माता मंदिर और जय बाबा भैया मंदिर परिसर में भी 20 गुणा 20 फीट के टीन शेड लगाए गए हैं। इससे मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को गर्मी में तेज धूप और बारिश के दौरान काफी सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में श्री श्याम सेवा समिति तातीजा के सदस्य प्रीतम शर्मा, बंटी शर्मा, नितेश जांगिड़, गोविंद शर्मा, छोटेलाल तंवर, डॉ. महेश जांगिड़, दिनेश भारद्वाज, राजकुमार बोरा, संतोष कुमार, बुली गुर्जर, डॉ. कपिल, श्रवण जांगिड़ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
भामाशाह प्रीतम शर्मा ने करवाया काम
श्री श्याम सेवा समिति तातीजा से जुड़े सदस्यों ने बताया कि मंदिर में सालभर श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है। विशेष अवसरों और धार्मिक आयोजनों के दौरान यहां श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ जाती है। ऐसे में धूप और बारिश से बचने के लिए स्थायी व्यवस्था की जरूरत महसूस की जा रही थी। इसी को देखते हुए भामाशाह प्रीतम शर्मा की ओर से टीन शेड का निर्माण करवाया गया। मंदिर मार्ग पर बनाए गए शेड के साथ मंदिर परिसरों में भी शेड लगाने से श्रद्धालुओं को अलग-अलग स्थानों पर राहत मिलेगी। समिति सदस्यों ने बताया कि जनसहयोग से धार्मिक स्थलों पर सुविधाएं विकसित करने का सिलसिला आगे भी जारी रखने का प्रयास रहेगा।
विधायक ने की पहल की सराहना
उद्घाटन के दौरान विधायक इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए करवाए जा रहे विकास कार्य सराहनीय हैं। भामाशाह और समिति के सदस्यों ने जनसहयोग की भावना से यह काम करवाकर समाज के सामने अच्छी मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों से बड़ी संख्या में लोगों की आस्था जुड़ी होती है। ऐसे स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होना जरूरी है। क्षेत्र के धार्मिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।