खीवाणा धाम में रातभर गूंजे संत चरणदास के भजन
निसं
बुगाला (नवयत्न)। संत शिरोमणि चरणदास महाराज की जयंती के अवसर पर खीवाणा धाम स्थित मंदिर में रविवार रात भव्य जागरण हुआ। जागरण में बुगाला सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देर रात तक मंदिर परिसर में भजनों की गूंज सुनाई देती रही और श्रद्धालु भक्ति में डूबे नजर आए। झुंझुनूं और गुसाइयों की ढाणी के भजन कलाकारों ने संत चरणदास महाराज की महिमा का गुणगान करते हुए एक से बढ़कर एक धार्मिक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों के दौरान श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। कई श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूमते नजर आए। बीच-बीच में संत चरणदास महाराज के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठता रहा। लोगों ने जागरण में बैठकर भजनों का आनंद लिया और संत चरणदास महाराज के दर्शन कर परिवार की सुख-शांति की कामना की। आयोजक दातार सिंह और मुकेश कुमार रावण राजपूत ने बताया कि हर साल संत चरणदास महाराज की जयंती पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।