बढ़ती गर्मी से बिगड़ रही लोगों की सेहत
गजेंद्र सिंह
सरदारशहर (नवयत्न) । क्षेत्र में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी अब लोगों की सेहत पर असर डालने लगी है। तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी के चलते जिले के राजकीय अस्पतालों में गर्मी से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अस्पताल में प्रतिदिन उल्टी, दस्त, चक्कर आना, डिहाइड्रेशन, तेज बुखार और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं से पीड़ित मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
राजकीय उप जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. संदीप बिजानियां ने बताया कि दोपहर के समय तेज धूप और लू के कारण सबसे अधिक लोग प्रभावित हो रहे हैं। विशेष रूप से बच्चे, बुजुर्ग और गर्भवती महिलाएं गर्मी की चपेट में जल्दी आ रही हैं। उन्होंने लोगों को अधिक से अधिक पानी पीने, धूप में अनावश्यक बाहर नहीं निकलने तथा हल्का एवं पौष्टिक भोजन लेने की सलाह दी है।
वहीं अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. स्वाति गेट ने गर्भवती महिलाओं को गर्मी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को शरीर में पानी की कमी नहीं होने देनी चाहिए तथा समय-समय पर तरल पदार्थ लेते रहना चाहिए। तेज धूप में बाहर निकलने से बचें और यदि जरूरी कार्य से बाहर जाना पड़े तो सिर ढककर ही निकलें।
डॉ. स्वाती गेट ने बताया कि गर्मी के दौरान गर्भवती महिलाओं में कमजोरी, चक्कर आना और ब्लड प्रेशर बढ़ने जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में नियमित स्वास्थ्य जांच करवाना बेहद जरूरी है। साथ ही पौष्टिक भोजन लेने और लंबे समय तक खाली पेट नहीं रहने की भी सलाह दी गई है।
अस्पताल प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि गर्मी को हल्के में न लें और लू से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाएं। यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, लगातार उल्टी, बेहोशी या अत्यधिक कमजोरी महसूस हो तो तुरंत अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय सलाह लें।