बाईपास पर सड़क हादसा, चार घायलः लापरवाही से पिकअप चलाने वाले ड्राइवर पर मुकदमा दर्ज

 

 

श्रीराम तिवाड़ी 

नोखा (नवयत्न ) । बाईपास पर हुए एक सड़क हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना नोखा बाईपास पर हिंयादेसर फांटा के पास 21 अप्रैल 2026 को हुई, जब एक पिकअप वाहन ने लापरवाही से चलाते हुए एक कार को टक्कर मार दी। घायलों को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस संबंध में नोखा थाने में पिकअप चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

अलाय निवासी ओमप्रकाश सुथार ने नोखा थाने में मामला दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि वे 21 अप्रैल 2026 को अलाय से बीकानेर में एक शादी कार्यक्रम में जा रहे थे। नोखा बाईपास हिंयादेसर फांटा के पास पहुंचने पर एक पिकअप वाहन के चालक ने अपनी गाड़ी को लापरवाही और गफलत से चलाते हुए उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी।

 

इस टक्कर से कार में सवार अलाय निवासी पेकरराम सुथार, पूजा पत्नी बाबूलाल, शिवांश पुत्र बाबूलाल और गोमती पत्नी पोकरराम को गंभीर चोटें आईं। ओमप्रकाश ने तुरंत अपने साथ चल रही दूसरी गाड़ी में सवार लोगों को फोन किया। मोहनराम, गणपत और हडमानराम माल (सभी अलाय निवासी) मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तुरंत बीकानेर के पीबीएम अस्पताल ले गए, जहां उन्हें भर्ती कराया गया।

 

ओमप्रकाश सुथार ने बताया कि उन्होंने उसी समय नोखा पुलिस को घटना की सूचना दे दी थी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है। अस्पताल में घायलों के इलाज में व्यस्त होने के कारण, उन्हें मुकदमा दर्ज करवाने में कुछ देरी हुई।

 

 

You might also like