डूंगर बालाजी पहाड़ी पर सड़क हादसा, पति की मौत, पत्नी घायल
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । निकटवर्ती डूंगर बालाजी पहाड़ी पर चढ़ते वक्त रविवार सुबह करीब 6 बजे एक कार अनियंत्रित होकर चट्टान से टकरा गई। इस हादसे में कार में सवार बुजुर्ग दम्पति गंभीर घायल हो गए, जिनको स्थानीय निवासी नरेंद्र सिंह, टीम हारे का सहारा संयोजक श्याम स्वर्णकार, भरत द्वारा सुजानगढ़ अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्रेमरतन सोनी (70) पुत्र सुमेर मल सोनी, निवासी बीदासर को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रेमरतन की पत्नी 65 वर्षीय सोहनी देवी को गंभीर स्थिति के कारण प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार वो सब लोग परिवार सहित रविवार सुबह डूंगर बालाजी दर्शन के लिए गए थे। बाकी सब तो पैदल ही ऊपर चढ़ रहे थे, पर मम्मी पापा बुजुर्ग होने के कारण कार से ऊपर जा रहे थे कि अचानक ये हादसा हो गया। हादसे की वजह पूरी तरह से मालूम नहीं चली है पुलिस मामले की जाँच कर रही है। सूचना पर सदर पुलिस सुजानगढ़ के हेड कांस्टेबल हरफुल अस्पताल पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली।