जवाहर मेमोरियल स्कूल में विजयोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह मनाया
निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । मानोता खुर्द स्थित जवाहर मेमोरियल स्कूल में रविवार को विजयोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट परिणाम देने वाली चार छात्राओं को स्कूटी वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जयसिंह रोजड़िया, एसीबीईओ राजेश कुमावत, समाजसेवी विश्वेंद्र नालपुरिया, राजेश ढांडेल, बिहारीलाल ढिल्लन, मंगलाराम, गुड्डू जांगिड़ मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी मानसिंह कनोड़िया ने की। समारोह का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही दिशा और अवसर देने की है। जवाहर मेमोरियल स्कूल ने यह साबित कर दिया है कि गांवों के बच्चे भी प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल की छात्रा अंशुल गुर्जर ने प्रदेश स्तर पर सातवां तथा गरिमा गुर्जर ने 12वां स्थान प्राप्त कर क्षेत्र, परिजनों और विद्यालय का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि अच्छे अंक लाकर नौकरी पाना महत्वपूर्ण है, लेकिन संस्कारवान बनना उससे भी बड़ी उपलब्धि है। शिक्षा तभी सार्थक है जब बच्चों में अनुशासन, संस्कार, सम्मान और समाजसेवा की भावना विकसित हो। विद्यालयों को पढ़ाई के साथ-साथ नैतिक मूल्यों पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। जयसिंह रोजड़िया ने कहा कि शिक्षा मनुष्य के जीवन का सबसे बड़ा आधार है। विद्यालय बच्चों को केवल पाठ्य ज्ञान ही नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और समाज में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने कहा कि जवाहर मेमोरियल स्कूल क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर नई पहचान बना रहा है। संस्था निदेशिका मनजीत ने अतिथियों का आभार जताते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास देना ही संस्थान की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आगे भी प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम में छात्रा अंशुल गुर्जर, गरिमा गुर्जर, हिमांशी एवं जयंती को स्कूटी देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अंशुल गुर्जर को 11 हजार रुपए का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया। इसके अलावा कक्षाओं में सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में समां बांध दिया। समारोह में अमित ठोलियां, सरदारमल सिंह, सुमेर सिंह, राजकुमार रोजड़िया, रामवीर चनेजा, शंभू, लालूप्रसाद छाबड़ी सहित ग्रामीण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।