बूथ पर नहीं रुकती रोडवेज बसें – यात्रियों की बढ़ी परेशान

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ ( नवयत्न) । रतनगढ़ के रोडवेज बस स्टैंड पर इन दिनों अव्यवस्था का आलम बना हुआ है। बसों का निर्धारित बूथ पर नहीं लगना यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। यात्रियों का आरोप है कि अधिकांश रोडवेज बसें तय बूथ पर खड़ी करने के बजाय रास्ते में ही रोक दी जाती हैं, जिससे चढ़ने-उतरने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यात्रियों ने बताया कि जब वे ड्राइवर और कंडक्टर से बस को बूथ पर लगाने की बात करते हैं, तो कई बार उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है और उल्टा यात्रियों से ही बहस की जाती है। इस स्थिति के चलते बस स्टैंड पर आए दिन अफरा-तफरी का माहौल बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बसों के इधर-उधर खड़े होने से दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना रहता है। कई बार अचानक बस रुकने या चलने से यात्री गिरकर चोटिल हो चुके हैं। बावजूद इसके, संबंधित विभाग इस ओर कोई ठोस कार्रवाई करता नजर नहीं आ रहा है।यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि बसों को निर्धारित बूथ पर ही खड़ा करने के सख्त निर्देश दिए जाएं और नियमों की अवहेलना करने वाले चालकों व परिचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और व्यवस्थित सुविधा मिल सके। वहीं दूसरी ओर बसें रुकने से सामान बैचने वाले झूंड के रूप में अन्दर घुस जाते हैं, जिससे यात्रियों को बस से उतरने व चढ़ने में काफी परेशानी होती है वहीं सामान गायब होने की घटना होना आम बात है।

You might also like