मौसम में बदलाव के साथ अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की भीड़

निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । खेतड़ी क्षेत्र में मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। तापमान में उतार-चढ़ाव और बीच-बीच में हो रही बारिश के कारण मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसका असर उप जिला अस्पताल खेतड़ी की ओपीडी में भी देखने को मिला, जहां सोमवार को करीब 700 मरीजों का उपचार किया गया। इनमें सबसे अधिक मरीज खांसी, जुकाम, बुखार, गले में संक्रमण और वायरल संक्रमण से पीड़ित रहे।
अस्पताल में सुबह से ही पर्ची काउंटर और चिकित्सकों के कक्षों के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। बड़ी संख्या में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं ने भी उपचार के लिए अस्पताल का रुख किया। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराई तथा सावधानी बरतने की सलाह दी।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ जसविंदर चौधरी ने बताया कि मौसम में अचानक बदलाव होने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित होती है, जिससे वायरल संक्रमण और सर्दी-जुकाम जैसी बीमारियां तेजी से फैलती हैं। उन्होंने लोगों से साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, ताजा और पौष्टिक भोजन करने तथा बासी और खुले खाद्य पदार्थों से बचने की अपील की।
चिकित्सकों ने सलाह दी कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार बुखार, खांसी, सांस लेने में तकलीफ या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें तो स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें। छोटे बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की भी सलाह दी गई है।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि मौसमी बीमारियों के बढ़ते मामलों को देखते हुए आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। लोगों से अपील की गई है कि बदलते मौसम में लापरवाही न बरतें, संतुलित खान-पान अपनाएं और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या होने पर समय पर अस्पताल पहुंचकर उपचार कराएं।

You might also like