सब्जी मंडी का निर्माण शुरू
चिड़ावा,(विजेंद्र सिंह लमोरिया)14 मई। लंबे इंतजार के बाद गुरुवार को शहर में फल-सब्जी मंडी का निर्माण कार्य शुरू हुआ है। यह जिले की पहली सबसे बड़ी फल-सब्जी मंडी होगी। अरडावता रोड़ पर अनाज मंडी के पास ही नई मंडी स्थापित होने से शहर का विकास भी तेज गति से आगे बढ़ेगा और रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। जानकारी के अनुसार अगस्त 2017 में इस मंडी का प्रस्ताव पास हुआ था। इसके बाद लाईसेंस धारक फल-सब्जी व्यापारियों को दुकानें आबंटित की गई थी लेकिन दुकानों का निर्माण नहीं हुआ था। इन दुकानों का निर्माण कार्य तीन महीने में पूरा कर दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार लगभग 4 करोड़ की लागत से सौ से अधिक दुकानों के निर्माण के लिए मंडी सचिव प्यारेलाल महला ने विधिवत भूमि पूजन के बाद नींव रखी। इस मंडी में पानी-बिजली सहित सभी आधुनिक सुविधाओं की व्यवस्था होने की उम्मीद है। इसके अलवा कुछ दुकानें आरक्षित वर्गों के लिए भी बनाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि अब तक फल-सब्जी व्यापारी शहर में ही एक निजी मंडी से व्यापार कर रहे थे। निजी मंडी के कारण व्यापारियों का लाखों रूपए प्रति माह किराया देना पड़ रहा है। वहीं हर वक्त मंडी मालिकों की प्रताडऩा का दंश भी झेलना पड़ता है। मंडी शहर के अंदर होने के कारण व्यापारियों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। अब नई मंडी की स्थापना से शहर में बड़े वाहनों के आवागमन पर भी अंकुश लगेगा। ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ जान-माल के नुकसान की आशंका भी ना के बराबर होगी।