26 सितंबर को लापता संत, 27 को मिली लाश … 5 दिन में खुला राज
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। लोहार्गल के बरखंडी धाम में संत सूरजदास की हत्या और लूट के मामले का गोठड़ा थाना पुलिस ने पांचवें दिन खुलासा कर दिया हैं। पुलिस ने मामले में एक आरोपी सुरेश कुमार (44) पुत्र ग्यारसीलाल, निवासी झाझम की ढाणी, तन पहाड़ीला को गिरफ्तार किया है। संत की हत्या के बाद ग्रामीणों और संत समाज की और से धरना-प्रदर्शन कर पुलिस को मामले का खुलासा ओर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 7 दिन का अल्टीमेटम दिया गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में जांच जारी है। पुलिस के अनुसार 27 सितंबर को शंकरलाल ने गोठड़ा थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि लोहार्गल धाम स्थित बरखंडी बाबा मंदिर के संत सूरजदास, जो सिंगोद कलां जयपुर के रहने वाले थे, 26 सितंबर की शाम से लापता हैं। 27 सितंबर की सुबह मंदिर पर पहुंचे यात्रियों ने संत के वहां नहीं होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर संत की तलाश शुरू की। मामला गंभीर होने पर पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कीं। घटनास्थल का एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड, साइबर टीम और एमओबी की टीम ने निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से उपलब्ध साक्ष्यों को जुटाते हुए संत की तलाश शुरू की।
गहरी खाई में मिला संत का शव
पुलिस और ग्रामीणों की ओर से आसपास के क्षेत्र में तलाश की जा रही थी। इसी दौरान बरखंडी की पहाड़ियों में एक गहरी खाई में संत सूरजदास का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। शव मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका को लेकर जांच तेज कर दी। गहरी खाई में शव होने के कारण पुलिस टीम के साथ एसडीआरएफ जयपुर और जिला रेस्क्यू टीम की मदद ली गई। टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
शव मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें लगाईं। पुलिस के अनुसार तकनीकी संसाधनों और अनुसंधान के आधार पर आरोपी सुरेश कुमार की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में हत्या और लूट से जुड़े सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर घटना में उसकी भूमिका और अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
कई टीमों ने मिलकर की कार्रवाई
कार्रवाई एसपी कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में एएसपी देवेंद्र सिंह राजावत, नवलगढ़ डीएसपी सुगन सिंह, गोठड़ा थानाधिकारी प्रेमप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। टीम में उप निरीक्षक जयप्रकाश सिंह, सहायक उप निरीक्षक राकेश कुमार, सहायक उप निरीक्षक ज्ञान सिंह, हेड कांस्टेबल रोहिताश, महेंद्र कुमार, रामसिंह, कानाराम, राजेश कुमार सहित गोठड़ा थाना पुलिस के जवान शामिल रहे। इसके अलावा उदयपुरवाटी थानाधिकारी रामपाल मीणा, नवलगढ़ थानाधिकारी अजय सिंह की टीम, साइबर सेल झुंझुनूं और डीएसटी झुंझुनूं की टीम ने भी जांच में सहयोग किया। पुलिस ने सहायक उप निरीक्षक राकेश कुमार और हेड कांस्टेबल रोहिताश की विशेष भूमिका बताई है।