शराब की दुकान पर सेल्समैन को पेट्रोल डालकर लगाई आग
निसं
जयपुर (नवयत्न)। जयपुर ग्रामीण जिले के रेनवाल थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने शराब की दुकान पर काम कर रहे सेल्समैन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरा सेल्समैन जान बचाने के लिए चिल्लाते हुए दुकान से बाहर भागा। उसकी आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग बुझाई और उसे अस्पताल पहुंचाया। वारदात में सेल्समैन गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया। वहीं, आग से दुकान में रखे दो फ्रिज और शराब के दर्जनों कार्टन जलकर नष्ट हो गए।
घटना मंगलवार दोपहर करीब एक बजे चौमूं के रेनवाल थाना क्षेत्र में करड़ रोड स्थित शराब की दुकान पर हुई। पुलिस के अनुसार, कैलाश सिंह (50) निवासी नागौर रोजाना की तरह दुकान पर काम कर रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर तीन युवक वहां पहुंचे। इनमें से एक युवक के हाथ में प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल भरा हुआ था। बदमाशों ने अचानक सेल्समैन पर पेट्रोल उड़ेल दिया और आग लगाकर मौके से फरार हो गए।
पेट्रोल डालकर आग लगाने के बाद कैलाश सिंह आग की लपटों में घिर गया। वह जान बचाने के लिए चिल्लाते हुए दुकान से बाहर की तरफ भागा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई। इसके बाद झुलसे सेल्समैन को रेनवाल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल बर्न वार्ड में उसका उपचार जारी है।
आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में रखे दो फ्रिज पूरी तरह जल गए, जबकि शराब के दर्जनों कार्टन भी आग की भेंट चढ़ गए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में वारदात कैद हुई है। फुटेज में बाइक पर तीन युवक दुकान पर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक के हाथ में पेट्रोल से भरी प्लास्टिक की बोतल नजर आ रही है। इसके बाद बदमाश सेल्समैन पर पेट्रोल डालकर आग लगाते और फरार होते दिखाई दे रहे हैं।
रेनवाल थानाधिकारी राजेंद्र सिंह यादव के अनुसार, आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के पीछे बदमाशों का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस रंजिश और लूट सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।