गो सेवा: भामाशाह सातड़ेवाला परिवार बना गोवंश का मददगार
कोरोना काल में नंदी शाला में भेजे 27 क्विंटल तरबूज
चूरू,(पीयूष शर्मा)9 मई। कोरोना काल में सातड़ेवाला परिवार की ओर से बेसहारा गोवंश की सेवा के लिए शुरू किया गया सेवा प्रकल्प लगातार शनिवार को भी जारी रहा।
उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की प्रेरणा से भामाशाह भगवानदास विजयकुमार सातड़ेवाला ने भानीनाथ आश्रम के पास स्थित नंदी शाला में पल रहे बेसहारा गोवंश के भोजन के लिए 27 क्विंटल 15 किलो तरबूज भेंट किए। गोवंश के लिए मददगार बने भामाशाह सातड़ेवाला ने गो सेवा के लिए यथासंभव मदद करने की बात कही।
इस मौके पर आश्रम के महंत देवनाथ ने भामाशाह भगवानदास विजयकुमार सातड़ेवाला परिवार का आभार जताते हुए आशीर्वाद दिया। संत ध्याननाथ ने कहा कि गोवंश की सेवा सबसे बड़ा पुण्य है। गौरतलब है कि सातड़ेवाला परिवार विधायक राजेंद्र राठौड़ की प्रेरणा से लोकडाउन लागू होने के बाद से निरंतर गोसेवा में जुटा है। इस मौके पर संत विद्यानाथ, संजय सिंघानिया सहित अनेक गोभक्त मौजूद थे।