376 विद्यार्थियों को 21.38 लाख की छात्रवृत्ति, टॉप करने पर अगले साल की फीस भी देगा संघ
ओमप्रकाश सैनी
नवलगढ़ (नवयत्न) । नवलगढ़ नागरिक संघ, मुंबई की ओर से शुक्रवार शाम मानसिंहका धर्मशाला में 25वां छात्रवृत्ति वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शहर के विभिन्न निजी शिक्षण संस्थानों के 376 जरूरतमंद एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों को कुल 21 लाख 38 हजार रुपए की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। समारोह में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार शर्मा, वरिष्ठ शिक्षाविद् डॉ. के. डी. यादव, नवलगढ़ नागरिक संघ, मुंबई के सह-सचिव विजय अग्रवाल, सुमंत अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल तथा नवलगढ़ नागरिक संघ की स्थानीय समिति के चेयरमैन कैलाश चंद्र सिंगडोदिया मंचस्थ रहे। स्थानीय समिति के पदाधिकारियों ने मंचस्थ अतिथियों का पुष्पमाला पहनाकर एवं स्वागत कर अभिनंदन किया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि नवलगढ़ नागरिक संघ, मुंबई पिछले लगभग 25 वर्षों से जरूरतमंद विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवा कार्य कर रहा है। आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी प्रतिभावान विद्यार्थी की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए समाज द्वारा किया जा रहा यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किया गया सहयोग सबसे उत्तम और दूरगामी प्रभाव वाला सहयोग होता है, क्योंकि शिक्षा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे समाज का भविष्य बदलने की क्षमता रखती है।
वरिष्ठ शिक्षाविद् डॉ. के. डी. यादव ने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना समाज की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान करना सराहनीय कार्य है, क्योंकि इससे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढऩे का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों से छात्रवृत्ति का सदुपयोग करते हुए मन लगाकर अध्ययन करने और अपने परिवार, शिक्षण संस्थान तथा समाज का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम संयोजक अनिल कुमार गुप्ता (बिरोलिया) ने अपने उद्बोधन के माध्यम से नवलगढ़ नागरिक संघ, मुंबई के पदाधिकारियों एवं सहयोगियों का अभिनंदन व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संघ द्वारा लंबे समय से शिक्षा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में निरंतर सहयोग किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनिल शर्मा ने किया। रविशंकर धूत ने कार्यक्रम में उपस्थित मंचस्थ अतिथियों, नवलगढ़ नागरिक संघ, मुंबई के पदाधिकारियों, संस्था-प्रधानों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
समारोह
टॉप करने पर अगले साल की फीस मुफ्त
नवलगढ़ नागरिक संघ मुंबई के ट्रस्टी गोविंद पाटोदिया ने कहा कि जिन विद्यार्थियों को इस बार छात्रवृत्ति मिली है, यदि वे कक्षा में प्रथम आते हैं तो उस विद्यार्थी की अगले वर्ष की पूरी फीस नवलगढ़ नागरिक संघ मुंबई की ओर से प्रदान की जाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
ये भी रहे मौजूद
समारोह में रामगोपाल गुप्ता, डॉ. सत्येन्द्र सिंह, डॉ. रामावतार सबलानिया, कृष्ण कुमार दायमा, विश्वनाथ जोशी, एडवोकेट श्रीकांत मुरारका, गोविंद पाटोदिया, जे.पी. जांगिड़, महेश मिश्रा, अनिल बिरौलिया, रविशंकर धूत, डॉ. श्रवण कुमार सैनी, रणजीत सिंह शेखावत, मेजर डी.पी. शर्मा, अजय चिरानिया, विजय धूत, प्रमोद पाटोदिया, मनीष पोद्दार, प्रभुदयाल सोमानी, एडवोकेट अश्विनी महर्षि, रणजीत सिंह, गोविन्द मिश्रा, जगदीश जाँगिड, डॉ. राजेश यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।