स्कूली बच्चों ने प्रभात फेरी निकालकर दिया स्वच्छता का संदेश
विपुल पारीक
खेतड़ी नगर (नवयत्न)। केसीसी प्रोजेक्ट के तत्वावधान में चल रहे स्वच्छता पखवाड़े के तहत बुधवार को विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने प्रभात फेरी निकालकर स्वच्छता का संदेश दिया। मुन्नालाल जैदिया और मोनिका के सानिध्य में आयोजित प्रभात फेरी में बच्चों ने स्लोगन के माध्यम से लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया। मुन्नालाल जैदिया ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक स्वच्छता ही सेवा मिशन के तहत अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सोफिया स्कूल की सिस्टर साईनी जॉन, जवाहर मेमोरियल स्कूल की निदेशिका मंजीत, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य ब्रह्मानंद दौचानिया और माधव स्कूल के निदेशक धर्मपाल कुमावत ने प्रभात फेरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विद्यार्थियों ने स्कूलों के सामने से प्रभात फेरी शुरू की और नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान मुन्नालाल जैदिया, मोनिका, पार्वती, सुधा शर्मा, मनोज लामोरिया, विमल शर्मा, संजय जिंदड़, राजेंद्र जांगिड़, कुलदीप मान, राजेंद्र सिंह और ख्यालीराम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।