मंदिर में पूजा की आड़ में बेच रहा था स्मैक, 7.80 ग्राम के साथ गिरफ्तार
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न) । सदर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मंदिर में पूजा-पाठ की आड़ में स्मैक बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 7.80 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। सदर थानाधिकारी बिमला बुडानिया के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार उदावास गांव में एक व्यक्ति द्वारा मंदिर में पूजा-पाठ की आड़ में स्मैक बेचने की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस ने पहले आसूचना संकलन कराया और पुष्टि होने पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी प्रताप सिंह पुत्र भीम सिंह निवासी रेपस्वालों की ढाणी, तन उदावास के कब्जे से 7.80 ग्राम स्मैक बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पूछताछ में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी स्मैक कहां से लाता था और किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था। कार्रवाई में सदर थानाधिकारी बिमला बुडानिया के साथ कांस्टेबल विकास ठोलिया, आनंद मान (विशेष योगदान), सत्येन्द्र कुमार, रोहित तथा शंभूदयाल शामिल रहे।