सीतसर बालाजी धाम में आज से शुरू होगा शरद पूर्णिमा महोत्सव
जयशंकर जांगिड़
झुंझुनू (नवयत्न)। सीतसर बालाजी धाम मन्दिर में आज शनिवार से सोमवार 26 अक्टूबर तक मन्दिर के महंत पुष्कर लाल पारीक के सानिध्य में तीन दिवसीय शरद पूर्णिमा महोत्सव एवं भव्य मेले का आयोजन होगा। मन्दिर समिति के अध्यक्ष पी एल शर्मा, सचिव सुरेश शर्मा, इंजीनियर रवि पारीक ने संयुक्त रूप से बताया कि महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई है। पूरे मन्दिर को रंग बिरंगे फूलों व विद्युत साज सज्जा से सजाया गया है। तीनों दिन सभी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किये जावेंगे। तीनो दिन रात्रि को विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा और मन्दिर में दूर दराज से आने वाले सभी श्रद्धालुओं के रहने, खाने-पीने की नि:शुल्क व्यवस्था मन्दिर समिति द्वारा होगी। इसी कड़ी में तीनो दिन मन्दिर में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के प्रसाद खाने हेतु विशाल भंडारा भी आयोजित होगा। मन्दिर में अखंड ज्योत और अखंड रामायण पाठ के साथ-साथ सावल राम गुरूजी की प्रतिमा, राम दरबार और शिवालय का विशेष रंग बिरंगे सुंगधित फूलों से भव्य श्रंगार किया जावेगा। उक्त सभी धार्मिक अनुष्ठानों को सफलता पूर्वक संपन्न करने के लिए विभिन्न तरह की समितियों का गठन किया गया है। जिसमें मुख्य रूप से संजय पंसारी, कैलाश चन्द्र जांगिड़, हरिराम बूडानिया, विक्रम सिंह बोला, केशर दैव आचार्य, निरंजन लाल शर्मा, बंटीकुमार गोलवा, कैलाश ठेकेदार, अंकित शर्मा, मदन लाल, मनोज कुमार, राजेश कुमार, रविन्द्र सिंह कटारिया, हिमांशु पारीक, आलोक पारीक, विकास पारीक, बहादुर मल, नरेश पारीक आदि को सम्मिलित किया गया है।