शिशु मुद्रा लोन पर 2% ब्याज छूट की घोषणा
नई दिल्ली,15 । वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार और गुरुवार को आत्मनिर्भर भारत पैकेज के अंतर्गत कई बड़ी घोषणाएं की हैं। इनमें से एक घोषणा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना को लेकर भी है। वित्त मंत्री ने शिशु मुद्रा लोन पर दो फीसद की ब्याज छूट देने की घोषणा की है। ब्याज में इस छूट से लोन लेने वाले छोटे कारोबारियों को फायदा होगा। इस योजना के तहत कारोबार करने वालों को 10 लाख रुपये तक का लोन उपलब्ध कराया जाता है। ये लोन वाणिज्यिक बैकों, आरआरबी, स्मॉल फाइनेंस बैंकों, एमएफआई और एनबीएफसी द्वारा दिये जाते हैं। इस योजना में बिना गारंटी के आसानी से लोन मिल जाता है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना में तीन तरह के लोन बांटे जाते हैं। शिशु मुद्रा लोन, किशोर मुद्रा लोन और तरुण मुद्रा लोन। शिशु मुद्रा लोन मुख्यत: छोटे कारोबारियों के लिए है। इसमें 50,000 रुपये तक का लोन लिया जा सकता है। वहीं किशोर मुद्रा लोन में 50,000 से 5 लाख रुपये तक का लोन लिया जा सकता है। इसके अलाना तरुण मुद्रा लोन की बात करें, तो इसमें 5 लाख रुपये से 10 लाख रुपये तक का लोन मिलता है।