जन सेवा समिति की ओर से ट्रस्ट की नितियों के विरोध में एसडीएम कार्यालय के सामने धरना
निसं
खेतड़ी (नवयत्न) । ट्रस्ट की नितियों के विरोध में बुधवार को जनसेवा समिति की ओर से एसडीएम कार्यालय के सामने धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासन से समस्या का जल्द समाधान करवाने की मांग की है। धरने पर बैठे लोगों ने कहा कि भोपालगढ़ फोर्ट का रास्ता आमजन की आवाजाही के लिए खुला रहना चाहिए। मार्ग पर गेट लगाकर अवरोध खड़ा करना जनहित के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि खेतड़ी कस्बा रियासत कालीन समय के विश्व प्रसिद्ध कस्बा है। रियासत कालीन समय से खेतड़ी में अनेक भवनों, महल एवं किलों का निर्माण करवाया गया था। भोपालगढ़ किला भी ऐतिहासिक रूप से रियासत कालीन समय में बनाया गया था, जिसका उपयोग तत्कालीन समय में सामरिक एवं रिहायसी निवास के लिए किया जाता था। भोपालगढ़ ग्राम में आज भी लोग रहकर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। खेतड़ी की राजसी संपत्ति के स्वामित्व को लेकर काफी समय से विवाद है। इसके बावजूद भी ट्रस्ट के लोगों ने कब्जा करने का प्रयास करते हुए मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया। भोपालगढ़ किले के मुख्य द्वार पर गेट लगाने को लेकर क्षेत्र की जनता में काफी आक्रोश है। इसके अलावा खेतड़ी कस्बे में कई स्थानों पर ट्रस्ट ने कब्जा कर आवागमन के रास्ते में दिवार बनाकर रास्तों को बंद किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने भोपालगढ़ किले पर लगाएं बेरिकेट्स को हटाकर सुचारु रूप से चालू करवाने, पूर्व में दर्ज करवाएं गए मुकदमे की निष्पक्ष जांच करवाने, प्राचीन मंदिरों पर किए जा रहे कब्जे हटवाने, केवल वसियत में वर्णित संपत्ति ट्रस्ट को देने, ट्रस्ट द्वारा खेतड़ी क्षेत्र में शिक्षा, छात्रवृत्ति और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग की। जनसेवा समिति की ओर से पिछले 35 दिनों से धरना दिया जा रहा है, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस मौके पर गोकुल चंद सैनी, एडवोकेट अरुण पारीक, अरविंद सिंह निर्वाण, निकेश पारीक, भूपेंद्र सिंह सोढ़ा, श्याम सिंह चौहान, रामावतार वर्मा, प्रदीप सुरोलिया, सुरेश कुमार कुमावत, लाल सिंह इन्दा, नरेश कुमार, एडवोकेट मान सिंह, बद्री प्रसाद सैनी, सांवरमल यादव, शिव कुमार सैनी, रोशन लाल कुमावत, मूलचंद सैनी, सुगन लाल वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।