रईसजादों की तेज रफ्तार कार ने ली बाइक सवार की जान
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। जयपुर में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। रामनगरिया थाना क्षेत्र के महल रोड जगतपुरा स्थित अक्षयपात्र चौराहे के पास रात करीब डेढ़ से 2 बजे के बीच एक भीषण सड़क हादसा हुआ। यहाँ एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को इतनी बेरहमी से टक्कर मारी कि बाइक सड़क पर करीब 150 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
राहगीरों ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद उन्होने दौड़ लगाकर कार को रुकवाया। गाड़ी में तीन युवक सवार थे, जो अत्यधिक नशे की हालत में दिखाई दे रहे थे। कार की तलाशी लेने पर उसमें बीयर की बोतलें और केन बरामद हुई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार चला रहा युवक सीतापुरा स्थित महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल का एमबीबीएस छात्र है।
5 दिन पहले ही जयपुर आया था मृतक का परिवार
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दौसा निवासी राकेश मीणा (28) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में जगतपुरा के आरती नगर में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। राकेश महज पांच दिन पहले ही अपनी पत्नी और दो मासूम बेटों—दक्ष और कृष्णा—के साथ ब्यावर से जयपुर शिफ्ट हुए थे। रविवार देर रात वह कुंभा मार्ग से बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे की ओर जा रहे थे, तभी काल बनकर आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। शिवदासपुरा थाना प्रभारी मनोहर ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार मालवीय नगर निवासी दलजीत कौर के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इस लग्जरी कार का पहले भी दो बार ओवरस्पीड का चालान कट चुका है, पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है।
परिजनों ने दी धरना प्रदर्शन की चेतावनी
हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। राकेश के पिता मुरलीधर मीणा ने अस्पताल प्रशासन पर अव्यवस्थाओं और शव के साथ छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों ने मांग की है कि रसूखदार आरोपियों के खिलाफ बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच हो और सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। पिता ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे थाने और अस्पताल के बाहर उग्र धरना प्रदर्शन करेंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार चालक छात्र और उसके साथियों से पूछताछ शुरु कर दी है।