स्टार एकेडमी के हृदयांश और अनुराग का राज्य स्तरीय टीम में चयन
सुरेन्द्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। बाकरा रोड स्थित स्टार एकेडमी स्कूल के खिलाड़ियों ने 70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। सेपकटकरा प्रतियोगिता के 19 वर्षीय बालक वर्ग में विद्यालय की टीम ने कांस्य पदक जीता। प्रतियोगिता में जिलेभर से चयनित पांच सदस्यीय राज्य स्तरीय टीम में स्टार एकेडमी के हृदयांश कुल्हरी और अनुराग जांगिड़ का चयन हुआ है। दोनों खिलाड़ियों के चयन से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है। राज्य स्तर पर चयन के बाद विद्यालय प्रबंधन और स्टाफ ने हृदयांश व अनुराग के साथ विजेता टीम और कोच का माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर स्वागत किया। विद्यालय प्रबंधन ने दोनों खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।