स्कूल में मामूली विवाद में छात्र ने क्लासमेट पर किया चाकू से हमला
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न)। बगरू थाना इलाके में स्थित एक निजी स्कूल में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जहां 12वीं कक्षा के एक नाबालिग छात्र ने अपने ही क्लासमेट पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया। घायल छात्र को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
थानाधिकारी राजेन्द्र गोदारा ने बताया कि गौशाला रोड स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ने वाले दोनों 17 वर्षीय छात्र कक्षा के दौरान पानी फेंकने की बात को लेकर आपस में उलझ गए। पहले कहासुनी हुई, जो बाद में गाली-गलौच में बदल गई। विवाद बढ़ने पर गुस्साए एक छात्र ने अपने पास मौजूद फल काटने के चाकू से दूसरे छात्र पर हमला कर दिया।
इस हमले में छात्र के हाथ में चोट आई। मौके पर मौजूद शिक्षकों ने तुरंत हस्तक्षेप कर दोनों छात्रों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना की सूचना परिजनों को दी गई, जिसके बाद घायल छात्र का प्राथमिक उपचार कराया गया।
इस घटना के बाद दोनों पक्षों के परिजनों को थाने बुलाया गया, लेकिन दोनों ही पक्षों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने फिलहाल दोनों पक्षों के बीच समझौता (राजीनामा) करवा दिया है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत नहीं मिलने के कारण कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है, हालांकि घटना को गंभीरता से लिया गया है और स्कूल प्रबंधन को भी छात्रों की सुरक्षा एवं अनुशासन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं