छात्रा संजू कुमारी का सहायक आचार्य प्राणी शास्त्र में चयन

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न)। महात्मा गांधी पीजी कॉलेज, श्रीमाधोपुर की छात्रा संजू कुमारी पुत्री मोहनलाल सामोता, निवासी जयरामपुरा का राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक आचार्य प्राणी शास्त्र परीक्षा में चयन हुआ है। कार्यालय सचिव राकेश शर्मा ने बताया कि संजू कुमारी ने परीक्षा में द्वितीय रैंक हासिल कर महाविद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। वर्तमान में संजू कुमारी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, हस्तेड़ा में स्कूल व्याख्याता के पद पर कार्यरत हैं। संजू कुमारी के पिता कृषक हैं तथा माता गृहिणी हैं। चयनित छात्रा के महाविद्यालय पहुंचने पर निदेशक डॉ उषा खर्रा, प्राचार्य डॉ वीरेंद्र कुमार यादव, उपप्राचार्य विजेंद्र कुमार, श्याम सामोता, वाणिज्य संकाय प्रभारी मांगीलाल कुमावत, विज्ञान संकाय प्रभारी प्रमोद वर्मा, बृजमोहन यादव, एनसीसी प्रभारी सुरेश सामोता एवं खेल कोच रामसिंह जाट सहित महाविद्यालय स्टाफ द्वारा उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। अतिथियों एवं स्टाफ ने साफा बंधवाकर, माला पहनाकर, मिठाई खिलाकर तथा प्रतीक चिह्न भेंट कर संजू कुमारी को सम्मानित किया। निदेशक डॉ उषा खर्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित होकर अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित कक्षाओं एवं निरंतर अध्ययन के माध्यम से विद्यार्थी अपनी मनचाही सफलता आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन एवं निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य डॉ वीरेंद्र कुमार यादव ने कहा कि महाविद्यालय वर्ष 2016 से लगातार विश्वविद्यालय मेरिट एवं गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को तैयार कर रहा है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में स्नातकोत्तर कक्षाओं के साथ-साथ नीट एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नि:शुल्क करवाई जाती है। महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने आईएएस, सेना में लेफ्टिनेंट, आरपीएससी तथा कर्मचारी चयन बोर्ड सहित विभिन्न प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की है। सम्मान समारोह का मंच संचालन व्याख्याता मनीष अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर ममता यादव, ग्यारसी लाल यादव, जितेंद्र सिंह दायमा, शशिकला पलावत, किरण सैनी, पवन कुमार, पवन शर्मा, अजित सिंह, सुमित्रा सिंह, सरिता निठारवाल, स्वाति कुमावत, प्रदीप शर्मा सहित महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थीगण उपस्थित रहे। महाविद्यालय परिवार ने संजू कुमारी की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

You might also like