शुगर मिल डिपो में 28 लाख का गबन, तीन सस्पेंड
सुजानगढ़,(अमित प्रजापत)21 मई। स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र में स्थित राजस्थान स्टेट शुगर मील गंगानगर के मदिरा डिपो में 28 लाख 3541रू. की शराब का गबन सामने आया है। इस सम्बंध में पुलिस थाने में सीकर उप प्रबंधक रमेशचंद बैरवा ने पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवाकर बताया है कि 18 मई को डिपो के गार्ड ने ताले खुले हुए होने की जानकारी दी। जिस पर सीकर से वरिष्ठ लेखाकार भवानीसिंह को 19 मई को भौतिक सत्यापन हेतु सुजानगढ़ डिपो भेजा गया। भौतिक सत्यापन करने पर कुल 1746 केस (पेटी) व 282 पव्वे विभिन्न ब्रांड के स्टॉक में कम मिले। रमेशचंद बैरवा ने पुलिस को बताया है कि सुजानगढ़ डिपो एक आबकारी बोंड है, जिस पर आबकारी व शुगर मिल का डबल लोक सिस्टम होता है, जिसका आबकारी परमिट होने पर ही दोनों की सहमति से ही ताला खुल सकता है। लाईसेंसधारी क्रेता द्वारा दोनों खातों में राशि जमा करवाने पर ही शराब विक्रय की जा सकती है। मुकदमे में आरोप है कि सुजानगढ़ डिपो के प्रभारी सुरेंद्रसिंह, गार्ड बनवारीलाल व हनुमानसिंह, आबकारी के भंवरसिंह व याकूब ने बिना वैद्य परमिट के ही शराब निकासी की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दूसरी राजस्थान स्टेट शुगर मील के डीजीएम जितेंद्रसिंह शेखावत ने डिपो पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रथम दृष्टया दोषी पाये जाने पर डिपो प्रभारी सुरेंद्रसिंह, गार्ड हनुमानसिंह व बनवारीलाल जोशी को सस्पेंड करते हुए जयपुर मुख्यालय में उपस्थिति देने के निर्देश दिये हैं। दूसरी ओर आरोपी डिपो प्रभारी सुरेंद्रसिंह ने गबन के आरोपों को झूठ बताते हुए कहा है कि 18 मई की रात को मैंने चोरी की सूचना आबकारी विभाग और पुलिस और अपने उच्चाधिकारियों को दी थी और मौके पर पुलिस आई तो टूटे हुए ताले भी मिले हैं। सुरेंद्रसिंह ने गबन के आरोपों को गलत बताया है।