सुशील शर्मा बने चिड़ावा के नए एसीबीईओ
विजेन्द्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न) । कार्यालय निदेशक माध्यमिक शिक्षा बीकानेर द्वारा देर शाम जारी की गई शिक्षा अधिकारियों की तबादला सूची ने विभाग में काफी फेरबदल किया है। पूरे प्रदेश में कुल 653 शिक्षा अधिकारियों के तबादले किए गए हैं, जिसका असर स्थानीय स्तर पर भी देखने को मिला है। इस प्रशासनिक बदलाव के तहत चिड़ावा मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सुशील कुमार शर्मा को अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया है।
वर्तमान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सोलाना में प्रधानाचार्य के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे सुशील कुमार शर्मा पहले भी चिड़ावा कार्यालय में कार्यवाहक सीबीईओ और एसीबीईओ के पदों पर रह चुके हैं। अपने पिछले कार्यकाल के दौरान शर्मा के बेहतरीन ट्रैक रिकॉर्ड और शानदार कार्यशैली को देखते हुए विभाग ने एक बार फिर उन्हें इस पद पर नियुक्त किया है।