ईडब्लूयूएस को लेकर स्वर्ण पंचायत स्थगित, झुंझुनूं से जयपुर कूच भी टला
सुरेंद्र शर्मा
झुंझुनूं (नवयत्न)। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) की मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच राज्य सरकार ने कदम उठाते हुए मांगों की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। सरकार के आश्वासन के बाद 9 अगस्त को जयपुर में प्रस्तावित स्वर्ण पंचायत को स्थगित कर दिया गया है। विप्र फाउंडेशन के जिला संयोजक उमाशंकर महमिया और जिलाध्यक्ष कमलकांत शर्मा ने बताया कि पंचायत राज एवं नगरीय निकाय चुनावों में ईडब्ल्यूएस वर्ग को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने तथा ईडब्ल्यूएस आयोग के गठन सहित विभिन्न मांगों को लेकर 9 अगस्त को जयपुर-अजमेर मार्ग स्थित सूर्य सिटी मैदान में सुबह 11 बजे स्वर्ण पंचायत प्रस्तावित थी। जिला संयोजक उमाशंकर महमिया ने कहा कि सरकार ने समाज की मांगों को गंभीरता से सुना और प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया। उच्चस्तरीय समिति का गठन समाज की एकजुटता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि समिति की समीक्षा के बाद सरकार से ईडब्ल्यूएस वर्ग के हित में सकारात्मक निर्णय की पूरी उम्मीद है।
सरकार से हुई सकारात्मक वार्ता
पदाधिकारियों के अनुसार स्वर्ण पंचायत के प्रतिनिधिमंडल को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवारी, मंत्री केके विश्नोई सहित भाजपा संगठन के पदाधिकारियों ने वार्ता के लिए आमंत्रित किया। प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई बातचीत में ईडब्ल्यूएस की मांगों पर सकारात्मक चर्चा हुई। सरकार की ओर से मांगों पर शीघ्र विचार कर निर्णय से अवगत कराने का आश्वासन दिया गया।
झुंझुनूं से जयपुर कूच स्थगित
महमिया ने बताया कि सरकार द्वारा उच्चस्तरीय समीक्षा समिति गठित किए जाने के बाद अब 9 अगस्त को झुंझुनूं जिले से विप्र बंधु और समाजबंधु जयपुर कूच नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि ईडब्ल्यूएस वर्ग के अधिकारों को लेकर झुंझुनूं जिले में ब्राह्मण समाज ने संगठित आंदोलन की शुरुआत की थी। इस संबंध में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन भी सौंपा गया था।