20 अगस्त को सीकर में होगी बावलिया बाबा की मूर्ति स्थापना

निसं
बुगाला (नवयत्न) । परमहंस पंडित गणेशनारायण बावलिया बाबा की मूर्ति स्थापना को लेकर सीकर में दो दिवसीय धार्मिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मूर्ति स्थापना 20 अगस्त को देव गैस एजेंसी के सामने बीहड़ वाले बालाजी मंदिर परिसर में होगी। आयोजन करणी गोशाला पालवास धाम के संत चंद्रमादास के सानिध्य में होगा। आयोजक नवलकिशोर व आनंद कच्छावा ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत 19 अगस्त को कलश एवं निशान यात्रा से होगी। यात्रा में गाजे-बाजे के साथ शाही लवाजमा, ऊंट-घोड़े और डीजे शामिल होंगे। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। 20 अगस्त को दोपहर सवा 12 बजे धार्मिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ बावलिया बाबा की मूर्ति की स्थापना की जाएगी। इसके बाद शाम को विशाल जागरण का आयोजन होगा। इसमें चंचलनाथ टीला, झुंझुनूं के भजन गायक ओमनाथ और विचारनाथ भजनों की प्रस्तुति देंगे। मुंबई के फिल्म कलाकार जुगल के. नायक मंच पर बाबा की लीला का जीवंत चित्रण करेंगे। वहीं शोभायात्रा के दौरान बाबा की जीवंत झांकी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। आयोजकों ने बाबा के भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।

You might also like