खेलो इंडिया संवाद 2026 में तनवी दाधीच लेगी भाग
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न)। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा मेरा युवा भारत-राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर देशभर में खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस तथा युवाओं के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देशव्यापी मंच प्रदान करना है। इसी कड़ी में अमरोहा के प्रसिद्ध जेएस हिंदू पीजी कॉलेज का चयन कैटेगरी-ए में किया गया है, जहां प्रधानमंत्री के साथ टू-वे (दो तरफा) संवाद आयोजित होगा। कार्यक्रम में देश के खेल क्षेत्र में आए बदलाव तथा पिछले एक दशक में भारत के खेल इकोसिस्टम के विकास पर चर्चा की जाएगी। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम में चूरू जिले के तारानगर की प्रतिभाशाली वुशू खिलाड़ी तनवी दाधीच भी भाग लेंगी। तनवी दाधीच ने वुशू के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर चूरू जिले का नाम गौरवान्वित किया है। तन्वी के इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में सहभागिता को जिले के खेल जगत के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। उनके चयन से जिले के युवा खिलाडिय़ों में भी उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ है। चूरू की बेटी तनवी दाधीच का राष्ट्रीय मंच पर प्रतिनिधित्व निश्चित रूप से जिले के लिए गर्व का क्षण है।