मतदाताओं के हाथ में बीदासर की सत्ता की चाबी
निसं
बीदासर (नवयत्न)। नगर पालिका चुनाव को लेकर बीदासर में चुनावी तस्वीर अब पूरी तरह साफ हो गई है। 11 सितंबर को होने वाले मतदान के साथ ही 35 वार्डों में 111 प्रत्याशियों के बीच मुकाबले में 30,513 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के साथ ही सभी प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में बंद हो जाएगा। भाजपा, कांग्रेस और आरएलपी के अधिकृत प्रत्याशियों के अलावा बड़ी संख्या में निर्दलीयों के चुनाव मैदान में उतरने से इस बार मुकाबला कई वार्डों में बेहद रोचक हो गया है। 48 निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी ने प्रमुख राजनीतिक दलों के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी सीधे तौर पर राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के वोट बैंक में सेंध लगाने की स्थिति में नजर आ रहे हैं। नगर पालिका के 35 वार्डों के लिए कुल 37 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वार्ड संख्या 1 और 25 में दो-दो मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। शाम 6 बजे मतदान केंद्र परिसर में मौजूद मतदाताओं को टोकन देकर मतदान करवाया जाएगा। चुनाव मैदान में भाजपा के 27, कांग्रेस के 28, आरएलपी के 8 और 48 निर्दलीय प्रत्याशी हैं। कुल 111 उम्मीदवारों में 46 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। ऐसे में महिला प्रत्याशियों के प्रदर्शन पर भी राजनीतिक दलों और आमजन की नजर रहेगी।
प्रशासन ने पूरी की मतदान की तैयारियां
मतदान से एक दिन पहले गुरुवार को ज्ञान ज्योति विद्यालय में मतदान दलों को प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम अम्मीलाल यादव ने मतदान दलों को ईवीएम और आवश्यक चुनाव सामग्री सौंपकर संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया। मतदान कार्मिकों को निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त वातावरण में मतदान करवाने के निर्देश दिए गए।
10 संवेदनशील बूथों पर विशेष सुरक्षा
प्रशासन ने बीदासर के 10 मतदान केंद्रों को संवेदनशील चिह्नित किया है। इन केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात रहेगा। संवेदनशील केंद्रों में वार्ड 1 का महात्मा गांधी विद्यालय भवन, वार्ड 4 का विवेकानंद स्कूल, वार्ड 7 का परशुराम ब्राह्मण समाज भवन, वार्ड 9 का अम्बेडकर छात्रावास, वार्ड 10 का माली समाज भवन, वार्ड 23 का सेठ दुलीचंद विद्यालय, वार्ड 24 का महेंद्र चोरड़िया स्टेडियम, वार्ड 27 का सार्वजनिक निर्माण विभाग भवन, वार्ड 31 का राठी भवन तथा वार्ड 33 का अम्बेडकर भवन शामिल हैं।
दिग्गजों की प्रतिष्ठा भी दांव पर
चुनाव प्रचार के दौरान अलग-अलग वार्डों में प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंकी। कई प्रत्याशियों के समर्थन में स्थानीय राजनीतिक दिग्गजों ने भी जनसंपर्क किया। ऐसे में चुनाव परिणाम केवल प्रत्याशियों की जीत-हार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर कई नेताओं की राजनीतिक पकड़ और संगठन की ताकत का भी आकलन होगा। अब सभी की नजरें मतदान प्रतिशत और वार्डवार परिणाम पर टिकी हैं। खासकर उन वार्डों में परिणाम महत्वपूर्ण होंगे जहां निर्दलीय प्रत्याशी मजबूत स्थिति में हैं। यहां निर्दलीयों की जीत या वोटों में सेंध प्रमुख दलों के बोर्ड बनाने के समीकरण को प्रभावित कर सकती है।
पहचान पत्र साथ लेकर जाएं मतदाता
मतदान के लिए मतदाता वोटर कार्ड के अलावा चुनाव आयोग द्वारा मान्य 11 फोटोयुक्त पहचान दस्तावेजों में से किसी एक का उपयोग कर सकेंगे। मतदाताओं से अपील की गई है कि वे मतदान केंद्र पर जाते समय अपना वैध फोटोयुक्त पहचान दस्तावेज साथ लेकर जाएं।