मंत्री के समक्ष लगा ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं का अंबार

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । गुरुवार शाम को जन स्वास्थ्य एंव अभियांत्रिकी विभाग के मंत्री कन्हैयालाल गेनाना में आयोजित रात्रि चौपाल में जनसुनवाई करने पहुंचे। जहाँ जन प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उनके समक्ष निम्बी जोधा एवं गेनाना क्षेत्र की समस्याओं का अंबार लगा दिया। एडवोकेट जगदीश सिंह राठौड़ ने उन्हें क्षेत्र में पेयजल की किल्लत के बारे में अवगत करवाया। निम्बी जोधा प्रशासक सुमन खिचड ने प्रभारी मंत्री को ज्ञापन सौंपकर जलदाय विभाग के कनिष्ठ अभियंता कमल किशोर का मुख्यालय निम्बी जोधा में करने की मांग की। उन्होंने कहा की उप तहसील होने के चलते निम्बी के निचे बहुत से गाँव आते हैं और आबादी भी ज्यादा है जिसके चलते यहां पानी की समस्या बनी रहती है। मुख्यालय निम्बी नहीं होने के कारण कर्मचारी काम चोरी करते है । उनपर अधिकारीयों की निगरानी नहीं रह पाती जिसके चलते निम्बी में सहायक अभियंता कार्यालय खोलने की मांग की गई। इसके अलावा निम्बी क्षेत्र में पानी की समस्या का समाधान करवाने, पड़ोलाई क्षेत्र में नये ट्यूबवेल शुरू करवाने, निम्बीजोधा एफएसटीपी के लिए भूमि का आवंटन करने, मीठे पानी की सप्लाई को सुचारू करने सहित अनेक मुख्य मांगे रखी गई। इस अवसर पर डॉ. नानूराम चोयल ने मंत्री का आभार प्रकट किया और आमजन को राहत प्रदान करने की बात कही। कार्यक्रम में नवरतन खीचड़, जगदीश पारीक, श्यामसुंदर, समाजसेवी हरिराम खीचड़ आदि ने भी मंत्री को क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के बारे में अवगत करवाते हुए समाधान करवाने की बात कही।

You might also like